सुहागरात मनाते ही घर छोड़कर गायब हुआ युवक

जनादेश एक्सप्रेस/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शादी के दूसरे दिन ही एक दूल्हा नई दुल्हन को छोड़कर गायब हो गया। परेशान दुल्हन व परिजनों ने पुलिस से गुमशुदा दूल्हे का पता लगाने की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार, सांडी थाना इलाके के एक गांव में शादी के दूसरे दिन से दूल्हा गायब हो गया। 20 फरवरी को दूल्हा सुबह ही कहीं चला गया। दूल्हा अपना मोबाइल और रुपये घर छोड़कर चला गया। दुल्हन को भी कुछ बताकर नहीं गया।

परिवार के लोगों ने कई जगह पर दूल्हे को खोजा, रिश्तेदारों से भी पता किया, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। इस पर छोटे भाई ने थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष राजदेव मिश्र ने जांच कर गुम युवक का पता लगाने की बात कही है।

20 फरवरी को दूल्हा सुबह ही चला गया

तहरीर में दूल्हे के भाई ने पुलिस को बताया कि उसके भाई की शादी 18 फरवरी को हुई थी। घर पर दुल्हन का स्वागत करने के साथ परंपरागत रस्में हुईं। घर में खुशी का माहौल था। सोमवार 20 फरवरी को दूल्हा सुबह ही कहीं चला गया है। नाते रिश्तेदारी में खोजबीन करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका है।

दूल्हे के भाई के अनुसार, उसका कुछ पता नहीं चलने से नई नवेली भाभी समेत परिवार के लोग परेशान हैं। थाना अध्यक्ष राजदेव मिश्र ने जांच की बात कही है। वहीं परिवार के किसी भी विवाद से इनकार कर रहे हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दुर्गेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि दूल्हे के अचानक लापता होने का मामला संज्ञान में आया है। युवक की 17 फरवरी को शादी हुई थी। परिजनों के मुताबिक सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन 19 फरवरी की सुबह वह अचानक घर से निकल गया। उसके परिजनों की ओर से शिकायत मिली है। युवक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।