चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में 60 छात्राओं के वीडियो हुए वायरल

जनादेश/नई दिल्ली: मोहाली की चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से एक बेहद ही शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां पढ़ने वाली 60 छात्राओं का नहाते हुए वीडियो वायरल हो गया है। इस घटना के बाद 8 छात्राओं ने खुदकुशी की कोशिश की है। इनमें से एक की हालत नाजुक है।

ये वीडियो साथी छात्रा ने ही बनाया था और उसने शिमला में अपने एक दोस्त को भेजा था। उसी ने ये वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिए। वीडियो सामने आने के बाद चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में शनिवार-रविवार की रात भारी हंगामा होना शुरू हुआ, जो अब तक जारी है। छात्राएं और उनके परिजन प्रदर्शन कर रहे हैं।

SSP विवेकशील सोनी ने बताया- लड़की को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसका मोबाइल ले लिया गया है। लड़की ने जो वीडियो अपने बॉयफ्रेंड को भेजा, वो उसका खुद का है। दूसरी लड़कियों का वीडियो नहीं है। जब वह वीडियो भेज रही थी, तब हॉस्टल की अन्य लड़कियों ने भी देख लिया।

आरोपी लड़की और उसका बॉयफ्रेंड लंबे समय से एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप में हैं। विवेकशील सोनी ने कहा कि महिला वार्डन से गलती से कहा था कि दूसरी लड़कियों की इज्जत का ख्याल रखना था। आरोपी ने किसी दूसरी लड़की का वीडियो बनाया ही नहीं है।