जनादेश/लखनऊ: कानपुर में हुई हिंसा के ठीक एक सप्ताह के बाद आज शुक्रवार को जुमे की पहली नमाज हुई। नमाज के बाद प्रयागराज, मुरादाबाद और सहारनपुर में नमाजियों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। प्रयागराज में हुए पथराव में डीएम-एसएसपी घायल हुए हैं और एसपी की गाड़ी टूट गई है। सड़कों पर आगजनी की जा रही है। हालात इतने बिगड़ गए कि एडीजी को बंदूक उठानी पड़ी। अर्धसैनिक बलों में भी कुछ घायल हुए हैं।
बताया जा रहा है कि जुमे की नमाज के बाद पुलिस की सतर्कता के बावजूद अटाला चौराहा और उसके आसपास की गलियों में मौजूद नाबालिग लड़कों को आगे करके अराजकतत्वों ने बवाल करा दिया। गली से लड़कों ने पुलिस टीम पर पथराव करना शुरू कर दिया। इसमें आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी जख्मी हो गए हैं। एडीजी लॉ एंड आर्डर प्रशांत कुमार ने बताया कि जुमे की नमाज के बाद काफी संख्या में लोग एकत्रित हुए थे, लेकिन कुछ देर बाद सभी वापस अपने गंतव्य को चले गए थे। उन्होंने बताया कि प्रदेश भर में संवेदनशील इलाकों में पुलिस जगह-जगह लगातार भ्रमण कर रही है।
सहारनपुर में जुमे की नमाज के बाद अल्लाह-हू-अकबर के नारे लगे। दहशत में आस-पास की दुकानों के शटर गिर गए। इसके बाद यहां पथराव किया गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के कई शहरों में पत्थरबाजी की घटनाओं के बाद दंगाइयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस मुख्यालयों से एसीएएस होम अवनीश अवस्थी, एक्टिंग डीजीपी, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। ACS होम अवनीश अवस्थी ने हर जिले के अधिकारियों से नमाज के बाद की रिपोर्ट मांगी है।