श्रद्धालुओं के लिए विंध्याचल में बना आश्रय गृह

जनादेश एक्सप्रेस/डेस्क। विंध्य धाम क्षेत्र के अटल चौक के पास छोटकी मौहरिया पावर हाउस के पास स्थित मिनी पुलिस लाइन परिसर में श्रद्धालुओं के लिए आश्रय स्थल बनाया गया है। 50 बेड के इस शेल्टर होम पर एक करोड़ 72 लाख रुपए खर्च किए गए हैं।

जिला नगरीय विकास अभिकरण की ओर से बनाए गए इस आश्रय स्थल को पिछले महीने ही नगर पालिका प्रशासन को हैंडओवर किया गया है। इसे मानव सेवा समिति एवं नगर पालिका प्रशासन की देखरेख में संचालित किया जाएगा। विंध्याचल धाम में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आश्रय गृह में नि:शुल्क ठहरने की व्यवस्था की गई है।

आश्रय गृह में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। यहां आने वाले लोगों के लिए रजाई, गद्दा, पंखा, शौचालय आदि की सुविधाएं उपलब्ध हैं। आश्रय गृह में शाम को पहुंचने पर आधार कार्ड एवं अन्य दस्तावेज दिखाने के पश्चात रजिस्ट्रेशन कराकर प्रवेश दिया जा रहा है।

यहां रात्रि विश्राम व अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं। नगर पालिका मिर्जापुर के कार्यपालक अधिकारी अंगद गुप्ता ने बताया कि डूडा द्वारा गत 17 जनवरी को आश्रय गृह सुपुर्द किया गया है। यहां आने वाले लोगों को सभी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। रखरखाव की जिम्मेदारी एक निजी संस्था को सौंपी गई है।