दूल्हे को देख बोली दुल्हन- नहीं करूंगी इससे शादी, बुलाया गया दूसरा दूल्हा

जनादेश एक्सप्रेस/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में शादी समारोह के दौरान जो कुछ हुआ उसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे। यहां घुड़चढ़ी की रस्म के बाद दूल्हा जयमल के मंच पर दुल्हन का इंतजार कर रहा था, तभी दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। वर-वधु पक्ष के लोगों ने उसे काफी समझाया लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद दुल्हन ने उस लड़के के साथ सात फेरे लिए जिससे पहले शादी टूट चुकी थी।

मामला बरहन थाना क्षेत्र निवासी युवती की शादी फिरोजाबाद जिले के नारखी थाना क्षेत्र के पचमान शहपुर गांव निवासी युवक से साथ तय हुई। किसी बात पर एक सप्ताह पहले यह रिश्ता टूट गया था। इससे घर वालों ने आनन-फानन में उसकी शादी ताजंगज थाना क्षेत्र निवासी युवक के साथ तय कर दी।

हंसी खुशी बरात लेकर पहुंचा दूल्हा

16 फरवरी को तय समय पर दूल्हा हंसी खुशी बरात लेकर पहुंचा। घर में खुशियों का माहौल था। बरात में घुड़चढ़ी की रस्म धूमधाम से की गई। इसके बाद जयमाल होना था। दूल्हा स्टेज पर दुल्हन के आने का इंतजार कर रहा था। लेकिन, घुड़ चढ़ी के दौरान उसने दूल्हा देखा तो उसे पसंद नहीं आया।

इसके बाद दुल्हन ने शादी करने से इंकार कर दिया। उसके इस फैसले से घर में जैसे मातम पसर गया। चारो ओर सन्नाटा छा गया। घर वाले दुल्हन को समझाते रहे। लेकिन, वह शादी के लिए राजी नहीं हुई। इसकी जानकारी वर पक्ष में पहुंची तो लोग सन्न रह गए। दुल्हन के मना कर देने पर दोनों पक्षों के हुए खर्चे का लेनदेन हो गया। इसके बाद दूल्हा समेत पूरी बरात बैरंग लौट गई।

जिसके साथ टूटी थी शादी, उसी के साथ लिए फेरे

बारात लौटने के बाद घर में मातम का माहौल हो गया। इसकी जानकारी दुल्हन के परिजनों ने पचमन शाहपुर में दी, जहां पहले उसकी शादी टूट गई थी। इस बार युवक के परिजन शादी के लिए राजी हो गए। अगले ही दिन वह बारात लेकर आया। इसके बाद शादी की रस्म अदा की गई। वह दुल्हन को अपने साथ ले गया।