इटावा में आफत बनकर आई बारिश, 7 की दर्दनाक मौत

जनादेश/लखनऊ: उत्तर प्रदेश के इटावा में बारिश आफत बनकर आई। बारिश की वजह से अलग-अलग हादसों में 7 लोगों की मौत हो गई। ये घटनाएं सिविल लाइन, इकदिल, बसरेहर और बकेवर इलाकों में हुई हैं। सिविल लाइन इलाके के चंद्रपुरा गांव में दीवार गिरने से चार बच्चों की जान चली गई। मरने वाले सभी भाई-बहन हैं। ये बच्चे दीवार के मलबे में दब गए थे। मृतकों में तीन भाई और एक बहन शामिल हैं। बताया जा रहा है कि बरसात की वजह से दीवार कमजोर हो गई थी, इसी वजह से वह अचानक गिर पड़ी। मृतकों में सिंकू (10 वर्ष), अभी (8 वर्ष), सोनू (7 वर्ष), और आरती 5 (वर्ष) शामिल हैं। वहीं, इस हादसे में घायल दादी शारदा देवी और ऋशव (4 वर्ष) को उपचार के लिए मुख्यालय के डॉक्टर भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती करा दिया गया है।

बता दे वहीं, बारिश की वजह से दीवार गिरने सेइकदिल के कृपाल पुरा में दो, बकेवर के मजरा अंदावन में एक की मौत हुई है। बसरेहर के किल्ली गांव में मकान गिरने से एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए मुख्यालय के डॉक्टर भीमराव अंबेडकर राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती करा दिया गया है।