जनादेश एक्सप्रेस/देहरादून। रोडवेज के सेवानिवृत्त व सेवारत कर्मचारियों की पेंशन बढ़ सकती है। उनका ज्यादा योगदान पीएफ में जमा होगा, जिसके आधार पर यह बढ़ोतरी होगी। इसके लिए कर्मचारियों को सशर्त विकल्प दिया गया है। परिवहन निगम कर्मचारी अधिकारी महासंघ ने इसके लिए निगम प्रबंधन का आभार व्यक्त किया है।
परिवहन निगम के वित्त नियंत्रक की ओर से सभी निगमकर्मियों के लिए आदेश जारी किया गया, जिसमें कहा गया है कि जो भी कर्मचारी एक सितंबर 2014 के बाद रिटायर हुए हैं या सेवारत हैं, वह वास्तविक वेतन पर अंशदान योगदान के लिए संयुक्त विकल्प पत्र भर सकते हैं। सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश के तहत उन्हें यह विकल्प दिया गया है। इसमें कहा गया है कि पेंशन का पुराना बचा हुआ अंशदान जमा कराने और पेंशन पर निर्णय का फैसला ईपीएफओ पर निर्भर करेगा।
राज्य निगम कर्मचारी अधिकारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गोसाई और सेवानिवृत्त कर्मचारी महासंघ के प्रदेश महासचिव सुरेश डंगवाल ने परिवहन निगम के एमडी रोहित मीणा से इस संबंध में वार्ता की थी। उन्होंने निगम की ओर से यह विकल्प देने पर आभार जताया।
दिनेश गोसाईं के अनुसार 2014 के बाद सेवानिवृत्त या वर्तमान में सेवारत कर्मचारियों को एक संयुक्त फार्म भरकर निगम में जमा करना होगा। निगम मुख्यालय इस प्रपत्र को क्षेत्रीय निधि कार्यालय जीएमएस रोड में जमा करेगा। इससे कर्मचारियों की पेंशन बढ़ने की उम्मीद जगी है। गौरतलब है कि परिवहन निगम में कार्यरत कर्मचारियों को काफी कम पेंशन मिलती है।