जनादेश एक्सप्रेस/नई दिल्ली: भारत के नेतृत्व में क्वाड सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों ने शुक्रवार को नई दिल्ली में स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत के लिए प्रतिबद्धता जताने के लिए मुलाकात की। विदेश मंत्री एस जयशंकर की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद क्वाड देशों ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि क्वाड सदस्य देश नीतियों के प्रति समावेशी और लचीला रुख अपनाएंगे।
बैठक में अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन, ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग और जापान के विदेश मंत्री हयाशी योशिमासा ने भाग लिया। इससे पहले सितंबर 2022 में न्यूयॉर्क में क्वाड के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक हुई थी। उस बैठक में तय मुद्दों की प्रगति और नई रणनीतियों को इस मीटिंग में जारी रखा गया है।
नई दिल्ली में क्वाड मीटिंग के बाद ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग ने कहा कि हमारी बैठक बहुत अच्छी रही। उन्होंने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को बेहतरीन मेजबानी करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि रायसीना डायलॉग के आठवें संस्करण में बात करने के लिए क्वाड सदस्यों के लिए यह एक अच्छा मौका था।
बैठक के बारे में अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने कहा कि आज दिल्ली में क्वाड साथियों के साथ मिलकर अच्छा लगा। हम मानते हैं कि इंडो-पैसिफिक क्षेत्र 21वीं सदी में दुनिया की दिशा तय करेगा। हम सब इसकी शांति, स्थिरता और बढ़ती समृद्धि की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।
जापान के विदेश मंत्री हयाशी योशिमासा ने भी क्वाड साथियों का शुक्रिया अदा किया। हालांकि, हयाशी योशिमासा ने घरेलू संसदीय सत्रों के कारण भारत में G20 के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग नहीं ले पाए थे। जापान के उप विदेश मंत्री केंजी यामादा ने G20 विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लिया था।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक क्वाड के विदेश मंत्रियों की बैठक में इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की समकालीन चुनौतियों जैसे स्वास्थ्य सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और अक्षय ऊर्जा, अहम और उभरती प्रौद्योगिकी, बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी जैसे मुद्दों पर परस्पर सहयोग को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान कई देशों के कर्ज के जाल में फंसने और पारदर्शी और निष्पक्ष कर्ज की व्यवस्था, अंतरिक्ष अभियान में सहयोग, साइबर सुरक्षा, मेरीटाइम सिक्योरिटी और आतंकवाद के मुद्दे पर भी प्रभावशाली चर्चा की गई। क्वाड देशों ने अपने संयुक्त बयान में आसियान देशों के साथ सहयोग बढ़ाने के लिए एक मंच बनाने पर भी बात की।