भारतीय शेयर बाजार: दुनियाभर के बाजार 28% तक गिरे, सेंसेक्स-निफ्टी स्थिर

जनादेश/नई दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार ने इस साल अब तक दुनियाभर के प्रमुख बाजारों के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया है। तमाम बड़े बाजारों के बेंचमार्क इंडेक्स में 3.5-28% गिरावट आई है, जबकि सेंसेक्स और निफ्टी करीब-करीब स्थिर रहे हैं। 2020 के बाद से भारतीयों ने हर चार सेकंड में तीन नए डीमैट खाते खोले हैं।

SIP में रिकॉर्ड वृद्धि देखने को मिली है। इसके चलते बेंचमार्क निफ्टी50 ने एसएंडपी 500, डाउ जोन्स, निक्केई और एफटीएसई सहित बड़े एक्सचेंजों को पछाड़ दिया है। यह विदेशी निवेशकों द्वारा अक्टूबर 2021 से जून 2022 के बीच भारतीय शेयर बाजार से नेट 2,71,950 करोड़ निकालने के बावजूद है।

एशियाई बाजारों के मजबूती के बीच भारतीय बाजार में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही। एक समय सेंसेक्स 965 अंकों की उछाल के साथ दिन की ऊंचाई 60,106 तक पहुंच गया था। ऊपरी स्तरों पर मुनाफा वसूली हो गई। फिर भी सेंसेक्स 578 अंकों की तेजी के साथ 59,720 पर बंद हुआ। निफ्टी में 194 अंकों की बढ़त रही और यह 17,816 पर बंद हुआ। फार्मा, ऑटो, रियल्टी मेटल शेयरों की अगुआई में चौतरफा खरीदारी हुई। आज यानी बुधवार को मार्केट फ्लैट कारोबार कर रहा है।