जनादेश/नई दिल्ली: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज दिल्ली दौरे पर हैं। इसी दौरान कांग्रेस अध्यक्ष पद पर गहलोत ने कहा कि आज देश की जो स्थिति है उसके लिए कांग्रेस का मजबूत होना बहुत जरूरी है। और कांग्रेस की मजबूती के लिए जहां मेरी आवश्यकता होगी, मैं पीछे नहीं हटूंगा। उन्होनें आगे कहा कि मैंने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अंदर 4-5 दिन पहले प्रस्ताव रखा था कि राहुल गांधी को अध्यक्ष पद स्वीकार करना चाहिए। अगर वे पार्टी अध्यक्ष के रूप में दौरा करेंगे तो पार्टी की एक अलग छवि बनेगी। मैं एक बार और प्रयास करूंगा।
वहीं मुख्यमंत्री ने अध्यक्ष पद के चुनाव से पहले कहा कि उनके लिए अब पद कोई बड़ी बात नहीं है। मैं मना नहीं कर पाऊंगा। अगर मुझे नामांकन करना है तो मैं फॉर्म भरूंगा। उन्होंने आगे कहा, आज मैं मुख्यमंत्री हूं। ये जिम्मेदारी मैं निभा रहा हूं और निभाता रहूंगा।
जानकारी के अनुसार,बुधवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद शशि थरूर केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के सदस्यों से मिलने दिल्ली में AICC कार्यालय पहुंचे। थरूर ने कांग्रेस केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री से मुलाकात की। वहीं मिस्त्री ने कहा कि जो अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ना चाहते हैं उनको 10 प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर की जरूरत होगी। अगर 10 प्रतिनिधि किसी व्यक्ति को मनोनीत करे और वो हां बोले तो वो नामांकन स्वीकार किया जाएगा।