शादी का झांसा देकर की ठगी, 40 महिलांए हुई शिकार

जनादेश एक्सप्रेस/डेस्क। लंदन वासी बनकर कानपुर के चकेरी की महिला को इंस्टाग्राम से फंसाकर गिफ्ट भेजने के नाम पर 75 हजार की ठगी में पकड़े गए दोनों शातिर देशभर में 40 से अधिक महिलाओं को अपना शिकार बना चुके हैं। शनिवार को पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया। महिला ने पुलिस को बताया था कि साइबर ठग ने खुद को लंदन में रहने वाला नौरिस रॉबिन बताया था।

उसकी दोस्ती इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। खुद का विदुर बताते हुए महिला को शादी का झांसा दिया। महंगे उपहार भेजने का प्रलोभन देकर कई बार में 75 हजार रुपये हड़प लिए थे। मामले की जांच क्राइम ब्रांच कर रही थी। शनिवार को क्राइम ब्रांच ने सर्विलांस टीम की मदद से ठग तुआन किम को नई दिल्ली के विकासपुरी से और जोनाथन को दिल्ली के उत्तमनगर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, तुआन मूलरूप से मणिपुर के सिनाक का रहने वाला है। वह दिल्ली में रहकर होटल में नौकरी कर रहा था। वहीं, जोनाथन मूलरूप से मिजोरम के वेंगठर निवासी था। यह दिल्ली यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएशन कर रहा है।

तुआन के बैंक खाते में 5.50 लाख का ट्रांजेक्शन मिला, जबकि जोनाथन के खाते से 16.50 लाख का ट्रांजेक्शन मिला है। क्राइम ब्रांच ने दोनों को चकेरी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया, जहां से जेल भेजा गया। विवेचक के अनुसार, उनके पूरे नेटवर्क को खंगालने का प्रयास किया जा रहा है।

भाषा से पूछताछ में हो रही समस्या

विवेचक के अनुसार, दोनों उत्तर पूर्वी राज्यों के रहने वाले हैं। वे न तो ठीक से हिंदी बोल पाती हैं और न ही अंग्रेजी। इस वजह से उनसे पूछताछ करने में दिक्कत हो रही है। उनकी बातों को समझने के लिए अनुवादक की मदद ली जा सकती है।