जनादेश एक्सप्रेस/नई दिल्ली । दिल्ली एमसीडी की स्टैंडिंग कमेटी के 6 सदस्यों का शुक्रवार को दोबारा चुनाव हो रहा है। वोटिंग सुबह 10.30 बजे शुरू हुई। सुबह जैसे ही चुनावी प्रक्रिया शुरू हुई। भाजपा पार्षदों ने हंगामा शुरू कर दिया और जमकर नारेबाजी की। इसके बाद पार्षदों को मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं दी गई।
इस बीच, AAP को बड़ा झटका लगा। AAP पार्षद पवन सहरावत शुक्रवार को भाजपा में शामिल हो गए हैं। वे बवाना से पार्षद चुने गए हैं। उन्होंने कहा कि अभी और पार्षद भाजपा में शामिल होंगे। उधर, सदन में मोबाइल पर रोक को BJP अपनी जीत मान रही है।
दरअसल, 22 फरवरी को मेयर चुनाव हुआ था। इसके बाद होने वाला यह स्टैंडिंग कमेटी का चुनाव हंगामे के बाद रुक गया। सिर्फ 47 पार्षद ही वोट डाल पाए थे। BJP फिर से चुनाव कराने की मांग पर डटी थी। इससे पहले बुधवार दोपहर से गुरुवार सुबह तक सदन की कार्यवाही 6 बार स्थगित की गई थी। BJP ने AAP पर वोट की गोपनीयता भंग करने का आरोप लगाया है। इसके बाद कार्यवाही शुक्रवार सुबह तक स्थगित कर दी गई।