कार पार्किंग पर विवाद, बेखौफ शख्स ने बाप-बेटे को मारी गोली

जनादेश एक्सप्रेस/नई दिल्ली । दिल्ली के यमुना विहार में कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद में पिता-पुत्र को एक बेखौफ शख्स ने गोली मार दी। जख्मी हालत में पिता व उनके बेटे को पटपड़गंज स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां बाप-बेटे की हालत नाजुक बनी हुई है। भजनपुरा थाना पुलिस ने आरोपी और अन्य दो पर हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज किया है। पुलिस ने मौके एक को गिरफ्तार किया है पर आरोपित फरार है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने हथियार कहां से खरीदा है। बताया जा रहा है कि, आरोपी दूसरे धर्म से सम्बंध रखता है। दिल्ली पुलिस अधिकारी ने कहाकि, इस मामले में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है। ऐसा लगता है कि, दिल्ली में अपराध का इकबाल बुलंद है। दिल्ली अपराधों का गढ़ बनती जा रही है। दो दिन पहले दिल्ली के नांगलोई इलाके में मामूली रोड रेज की घटना को लेकर बस चालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर साहिल मलिक नामक युवक की चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया था।

दिल्ली के यमुना विहार इलाके में कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद में आरोपी शख्स ने पिता-पुत्र को गोली मार दी है। जानकारी के अनुसार पीड़ित परिवार के दूसरे बेटे सौरभ अग्रवाल ने बताया कि, पिछली रात मेरे पिता और भाई एक शादी समारोह में गए हुए थे। जब शादी समारोह से घर लौटे, तब पार्किंग में एक गाड़ी खड़ी हुई थी। जिसने रास्ता रोका हुआ था।

सौरभ अग्रवाल ने बताया कि, उन्होंने कार मालिक से वाहन हटाने का आग्रह किया लेकिन उसने गाड़ी हटाने के बजाय उन्हें गाली देना शुरू कर दिया। 10-15 लोग इकट्ठा हुए और उन्होंने मेरे पिता और भाई पर पिस्टल से हमला किया। दो गोली पिता व एक बेटे को लगी है। जिसमें मेरे पिता और भाई घायल हुए हैं जिनका इलाज जारी है। मेरे पिता की स्थति गंभीर है। आरोपी का नाम आरिफ है।

दिल्ली पुलिस अधिकारी ने बताया कि, मामले में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है। शादी से लौटने के बाद पीड़ित और आरोपी के बीच पार्किंग को लेकर झगड़ा हो गया। इसके बाद आरोपी आरिफ 2 लोगों के साथ पीड़ित वीरेंद्र के घर पहुंचा। वहां आरोपी ने मारपीट शुरू कर दी। आरोपी आरिफ को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उत्तर पूर्व दिल्ली ADCP संध्या स्वामी ने बताया कि, अभियुक्त आरिफ इनके (पीड़ितों) घर के पास ही किराए पर रहता है। पार्किंग को लेकर झगड़ा हुआ था। आरिफ ने अपने 2 सहयोगी बुलाए थे। आरिफ फरार है। एक अभियुक्त को पकड़ लिया है। इसमें कोई सांप्रदायिक पहलू नहीं है। मौके पर शांति है।