जनादेश/श्रीनगर: पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने जम्मू के शहीदी चौक में आज प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथ में पोस्टर और तख्तियां लेकर मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष-प्रदर्शन किया। पीसीसी कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला ने कहा कि भाजपा ने चार राज्यों में ‘झूठ बोलकर और लोगों को गुमराह करके’ विधानसभा चुनाव जीता है। जैसे ही नतीजे आ गए पेट्रोल और गैस की कीमतों को बढ़ाकर उन्होंने लोगों की पीठ में छुरा घोंपा है।
कांग्रेस गुलाम अहमद मीर ने भाजपा पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटका कर चुनाव जीता है। भाजपा झूठ और छल की राजनीति करती है। उनके नेताओं ने झूठ बोला और लोगों को गुमराह किया। उन्होंने देश के साथ विश्वासघात किया है। चुनाव के बाद पेट्रोल-डीजल के दाम में बढ़ोतरी कर दी गई। कांग्रेस देश में अत्याचार बर्दाश्त नहीं करेगी। वहीं, कांग्रेस की महिला नेताओं ने कहा कि मोदी सरकार न तो महंगाई पर लगाम लगा पा रही है और न ही देश में महिलाओं को सुरक्षा दे पा रही है। उन्होंने भाजपा सरकार को हर जन मुद्दे पर विफल बताया।
भाजपा सरकार ने महंगाई के सारे रिकॉर्ड तोड़े
प्रदर्शन कर रहे एक अन्य कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी सरकार ने महंगाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इनका काम सिर्फ धर्म के नाम पर लोगों को बांटना है। वे हिंदू-मुस्लिम करके वोट ले सकते हैं लेकिन वे आम लोगों की समस्याओं को हल नहीं दे सकते हैं। उन्हें रोजगार और भोजन नहीं दे सकते हैं।