जनादेश एक्सप्रेस/लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आ गए हैं। गोरखनाथ मंदिर के हिंदू सेवाश्रम में रविवार सुबह जनता दरबार लगा। सीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी के साथ न्याय किया जाए। पीड़ितों को थाने में ही न्याय मिलना चाहिए और दोषियों को जेल में डालना चाहिए।
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में जमीन-जायदाद और इलाज के मामले आए। मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में मौजूद अधिकारियों को जमीन की समस्या का समाधान जल्द से जल्द करने का निर्देश दिया। साथ ही इलाज के लिए धन की मांग लेकर आए लोगों पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आगे बढ़कर वह यह सुनिश्चित करें कि किसी भी व्यक्ति का इलाज धन के अभाव में रुकने न पाए। बहुत से लोग जमीन के विवाद का मामला लेकर पहुंचे थे। इसके अलावा बहुत से इलाज के लिए धन देने की सिफारिश कर रहे थे। उन्होंने 300 से अधिक लोगों की समस्याएं सुनी।
रविवार की सुबह हमेशा की तरह तड़के अपने आवास से निकलने के बाद योगी ने सबसे पहले गुरु गोरखनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। विधि-विधान के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनका दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ के समाधि स्थल पर जाकर शीश नवाया।
दिर परिसर का भ्रमण करने और गायों की सेवा करने के बाद वे हिंदू सेवाश्रम गए, जहां लोग सुबह से ही उन्हें अपनी समस्या बताने के लिए इंतजार कर रहे थे। वह व्यक्तिगत रूप से वहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के पास गए और उनका आवेदन लिया। उन्होंने जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश को प्रशासन से संबंधित आपत्तिजनक आवेदन दिया।