रसगुल्ले के लिए कर दी जीजा की हत्या

जनादेश एक्सप्रेस/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के थाना कुरावली क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान रसगुल्ले को लेकर हुए विवाद में एक वृद्ध देवर की लाठी-डंडों से पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी। घटना गांव बीकापुर की है, जहां गुरुवार की रात शादी समारोह था। झगड़े के दौरान साला भी घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

कुरावली थाना क्षेत्र के गांव नगला हरियाणा निवासी रणवीर सिंह बृहस्पतिवार की शाम गांव बीकापुर अपनी रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह की दावत में शामिल होने गया था। उनके साथ साला राम किशोर भी गया था। दावत खाने के दौरान एक युवक रसगुल्ले की बाल्टी लेकर जा रहा था। रणवीर ने उसे बाल्टी अपने पास लेकर आने को कहा, इसी बात को लेकर विवाद होने लगा। विवाद ने इस कदर तूल पकड़ लिया कि लाठी डंडा चलने लगे।

झगड़े के दौरान आरोपी युवक ने रणवीर को लाठी से पीटना शुरू कर दिया, जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जीजा के बचाने आया राम किशोर भी घायल हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एएसपी राजेश कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि रसगुल्ले को लेकर हुए विवाद में वृद्ध की लाठी से वार से मौत हो गयी। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।