जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष

जनादेश एक्सप्रेस/लखनऊ। घूरपुर थाना क्षेत्र के कर्मा चौकी क्षेत्र के हाथीगनी गांव में जमीन विवाद को लेकर शनिवार को जमकर मारपीट हुई। इसमें महिला समेत छह लोग घायल हो गए हैं। विवादित जमीन पर निर्माण को लेकर विवाद हुआ है। पुलिस के मुताबिक निर्माणाधीन दीवार गिरने को लेकर विवाद बढ़ गया। मारपीट में घायल महिला रीता देवी ने बताया कि 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस मारपीट रोकने के बजाय वीडियो बनाने में जुट गई।

मारपीट में घायल अभिमन्यु पटेल का आरोप है कि गांव के ही रहने वाले शोभालाल पटेल, सुरेश पटेल, राजेश पटेल, राम नरेश पटेल, बंशीलाल पटेल उनकी जमीन पर कब्जा कर रहे थे। इसे रोकने पर उक्त सभी लोगों ने लाठी-डंडे से लैस होकर उनके घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। इसमें उनके घर की चार महिलाओं सहित कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर मौजूद पुलिस ने घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। यहां चिकित्सकों ने दो लोगों को प्राथमिक उपचार करने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। शेष अन्य का इलाज सीएससी में किया जा रहा है। दूसरे पक्ष से घायल राजेश पटेल का आरोप है कि अभिमन्यु पटेल के पक्ष के लोगों ने ही उन पर हमला किया, जिससे वह घायल हो गए। कर्मा चौकी प्रभारी उमाशंकर ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मामला दर्ज किया जा रहा है।