जनादेश एक्सप्रेस/नई दिल्ली । नगालैंड और मेघालय विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग सुबह 7 बजे से जारी है। नगालैंड और मेघालय की 60 में से 59 सीटों पर मतदान हो रहा है। बता दें कि मेघालय विधानसभा चुनाव के लिए सुबह 9 बजे तक 12.06% और नगालैंड चुनाव में 15.76% मतदान दर्ज किया गया है। वहीं, पीएम मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने वोटरों से भारी संख्या में मतदान की अपील की है।
इस समय दोनों ही राज्यों में भाजपा की गठबंधन की सरकार है। मेघालय में नेशनल पीपल्स पार्टी (NPP) ने भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाई है, लेकिन इस बार दोनों पार्टियां अलग-अलग चुनाव लड़ रही हैं। वहीं, नगालैंड में नेशनलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी (NDPP) और भाजपा गठबंधन की सरकार है। इस बार भी दोनों पार्टियां साथ चुनाव लड़ रही हैं।
नगालैंड के 16 जिलों की 60 विधानसभा सीटों में से 59 पर सोमवार को मतदान हो रहे हैं। 10 फरवरी को अकुलुतो विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के कैंडिडेट खेकाशे सुमी ने नामांकन वापस ले लिया था, जिसके बाद भाजपा कैंडिडेट कजेतो किनिमी को निर्विरोध निर्वाचित कर दिया गया।
चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर वी. शशांक शेखर ने कहा- राज्य में कुल 13 लाख मतदाता हैं। 59 सीटों के 2,315 मतदान केंद्रों पर वोटिंग हो रही है। 183 कैंडिडेट चुनावी मैदान में हैं, जिसमें 4 महिला और 19 निर्दलीय कैंडिडेट शामिल हैं।
मेघालय के 12 जिलों की 60 विधानसभा सीटों में मतदान हो रहे हैं। इसके लिए 3,419 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां NPP 57 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि कांग्रेस और BJP ने 60-60 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। इसके अलावा TMC के 56 कैंडिडेट भी चुनाव लड़ रहे हैं। राज्य में कुल 30 लाख मतदाता हैं। मैदान में 375 कैंडिडेट हैं, जिसमे 339 पुरुष, 36 महिलाएं शामिल हैं।