गोपालगंज:– युवक की हत्या से एकडेरवा गांव में पसरा मातम

मनीष कुमार सिन्हा 

गोपालगंज:– जिले के बैकुंठपुर थाने के एकडेरवा गांव में रविवार की सुबह जब लोगों की आंख खुली तो हत्या की मनहूस खबर मिली | इससे एक तरफ जहां छठ महापर्व की खुशियां गम में तब्दील हो गई वहीं मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई | पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया | रविवार का दिन एकडेरवा गांव के लोगों के लिए ब्लैक संडे साबित हुआ | मृतक राम सिंह अपने परिवार में होनहार युवक था | जो सेना भर्ती परीक्षा की तैयारी कर परिवार की खर्च उठाने का कमाल संभालने वाला था | लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था और उसकी हत्या कर दी गई | हत्या से आहत युवक की मां उमा देवी,पिता किशोरी सिंह,भाई लक्ष्मण कुमार, संजय कुमार,डिस्को कुमार,बहन किरण देवी सहित अन्य परिजन दहाड़ मार कर रो रहे थे | होनहार भाई की हत्या का गम अन्य भाइयों को था | मां उमा देवी बेटे के शव के समीप बिलख -बिलख कर रो रही थी | बचपन से ही मिलनसार स्वभाव का राम कुमार सिंह पूरे गांव के लिए चहेता था | उसकी हत्या की खबर मिलते ही रविवार को कई घरों में चूल्हे तक नहीं चल सके |


डॉग स्क्वायड की टीम नेकी घंटों जांच

बैकुंठपुर | ग्रामीणों की मांग पर रविवार की दोपहर छपरा से पहुंची डॉग स्क्वायड की टीम ने रामकुमार सिंह हत्याकांड की घंटों जांच की | डीएसपी के नेतृत्व में पहुंची डॉग स्क्वायड की टीम ने स्टेट हाईवे -90 पर घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर के दायरे में कई अन्य सुराग के बारे में भी छानबीन की | इस दौरान घटनास्थल पर पड़े जूते के सहारे जांच की गई | थानाध्यक्ष अमितेश कुमार ने बताया कि वैसे परिजनों द्वारा अभी तक लिखित आवेदन नहीं दिया गया है | आवेदन मिलते ही तत्काल मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी |

कॉल डिटेल्स के आधार पर खुल सकता है हत्या का राज

बैकुंठपुर | बैकुंठपुर थाने के एकडेरवा गांव के युवक राम कुमार सिंह की हत्या का राज खंगालने में पुलिस जुट गई है | घटनास्थल पर उमड़ी भीड़ के बीच में चर्चा थी कि युवक का मोबाइल सर्विलांस पर डालकर घटना का राज पता किया जा सकता है | युवक के मोबाइल पर अंतिम कॉल किसका था तथा अंतिम कॉल पर क्या -क्या बातें हुई | यह भी पता लगाने में पुलिस जुट गई है | हालांकि ऐसी चर्चा है कि घटनास्थल से भी मृत युवक की मोबाइल बरामद नहीं हो सकी है | हत्यारों ने हत्या के बाद उसकी मोबाइल भी गायब कर दी है | ताकि कोई ट्रेस नहीं मिल सके | लेकिन पुलिस का मानना है कि नंबर सर्विलांस पर डालने के बाद पता चल सकता है |


आठ घंटे तक जाम में फंसे रहे लोग

बैकुंठपुर | बैकुंठपुर थाने के पकड़ी मोड़ के समीप युवक रामकुमार सिंह की हत्या के विरोध में हुई घंटों आगजनी प्रदर्शन व हंगामा को लेकर छपरा महम्मदपुर स्टेट हाईवे -90 पर करीब आठ घंटे तक वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप रहा | इस दौरान छठ को लेकर आवागमन करने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा | छोटे वाहनों को लोग दूसरे मार्ग से होकर तो निकाल लिए लेकिन बड़े वाहन जाम में फंसे रहे | दोपहर करीब एक बजे जब डॉग स्क्वायड टीम पकड़ी मोड़ पर पहुंची तब लोगों ने प्रदर्शन व सड़क जाम खत्म किया |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *