विनोद मिश्रा
गोपालगंज:– जिले के भोरे थाने के कल्याणपुर गांव में बिजली का तार जोड़ रहे किशोर की करेंट लगने से मौत हो गयी।मृतक गांव का शिवम कुमार राम है। छठ महापर्व की रात हुई इस घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि कल्याणपुर गांव का शिवम कुमार राम मंगलवार की शाम छठ घाट से वापस आने के बाद अपने घर में बिजली का कनेक्शन जोड़ रहा था। इसी बीच बिजली के नंगे तार से उसका हाथ छू गया।इससे वह अचेत हो गया। परिजन उसे तत्काल रेफरल अस्पताल भोरे लाये, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद घर में छठ की खुशियां काफूर हो गयीं। व्रती महिलाओं के रोने- चीखने के कारण पूरा माहौल गमगीन हो गया।सांत्वना देने के लिए लोगों की भीड़ एकत्रित हो गयी।