गोपालगंज:- जहरीले पदार्थ दिए जाने की आशंका में युवक को अस्पताल में कराया भर्ती

डॉक्टरों ने जहर देने की आशंका से किया इनकार

पुलिस कर रही मामले की छानबीन

गोपालगंज:- जिले के भोरे थाने के रघुनाथपुर गांव के एक युवक को शनिवार की सुबह जहर दिए जाने की आशंका में ग्रामीणों ने रेफरल अस्पताल भोरे में भर्ती कराया। हालांकि अस्पताल के डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच पड़ताल के बाद जहर दिए जाने की संभावना से इनकार करते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज रेफर कर दिया ।बताया जाता है कि थाने के रघुनाथपुर गांव के रामायण सिंह का 11 वर्षीय पुत्र अमर सिंह करीब 22 वर्ष पूर्व घर से लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं चला,तब उसके परिजन उसे लापता मानकर भूल गए थे। इसी बीच करीब तीन सप्ताह पूर्व रामायण सिंह के घर एक युवक पहुंचा और अपने आप को उनका पुत्र अमर सिंह बताने लगा। गांव के लोगों के साथ ही रामायण सिंह और उनकी दोनों पुत्रियो बिगना और मीरा ने भी उसकी पहचान की और उसे अपने घर में रख लिया।लेकिन गुरुवार को अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। उसे इलाज के लिए गोरखपुर ले जाया गया ।वहां से इलाज कराकर देर शाम तक लोग घर लौट आए। बाद में शनिवार की सुबह उसकी तबीयत फिर खराब हो गई ,तब ग्रामीणों ने रामायण सिंह की संपत्ति हड़पने की नीयत से उसकी बहनों पर जहर दे दिए जाने की आशंका व्यक्त करते हुए पुलिस को सूचना दी।ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस तत्काल उसे इलाज के लिए रेफरल असप्ताल भोरे उसको दोनों बहनों के साथ बुलाकर लाई, जहां उसका प्रारंभिक इलाज किया गया। इसके बाद से बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज रेफर कर दिया गया।